चांदनी चौक की ये
पराठा गली है। बाबू राम देवी दयाल पराठे वाले की छठी पीढ़ी अब यहां पराठे की
दुकानें चलाती है। चांदनी चौक से गुरुद्वारा सीसगंज की ओर आगे बढ़ने पर कटरा
शहंशाही के ठीक आगे है पराठे वाली गली। पराठे की दुकानें किनारी बाजार और मालीवाड़ा के मिलन स्थल पर हैं। पंजाबी अंदाज में इसे गली पराठा कहते हैं।
किसी जमाने में एक पराठे वाली दुकान हुआ करती थी अब तीन दुकाने हैं।
मीनू सभी दुकानों का एक
जैसा ही है। आलू पराठा 30 रुपये पनीर पराठा 40 रुपये। मेथी पराठा, गोभी पराठा,
मिक्स पराठा। और न जाने कितने तरह के पराठे। यहां का खास है खुरचन पराठा। दिल्ली
के कोने कोने से शापिंग करने चांदनी चौक आने वाले लोग पराठे गली में पराठे का
स्वाद लेने जरूर आते हैं। तंग गली में पराठे की दुकानों पर बैठने की जगह पाने के
लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।
ये पराठा है या पूड़ी - दुकान के बाहर देसी
घी की कड़ाही में तला जाता है पराठा। पराठे की थाली में पेठा की सब्जी, आलू की
सूखी सब्जी, रसे वाली सब्जी, मूली का अचार और मीठी चटनी ये सब कुछ मिलता है पराठे
की थाली में। हालांकि थाली में कम से कम दो पराठे लेना जरूरी है। हालांकि कहते हैं
इसे पराठा हैं लेकिन ये परंपरागत पराठे की तरह तवे पर सेंका नहीं जाता है। बल्कि
ये पराठा घी में तला जाता है। यानी ये है तला हुआ पराठा। ( या फिर पूड़ी )
नेहरू, शास्त्री , इंदिरा गांधी आ चुके हैं पराठे खाने - पंडित कन्हैयालाल दुर्गा प्रसाद दीक्षित की पराठे की दुकान के साइन बोर्ड पर स्थापित 1875 लिखा हुआ है। इसके नीचे लिखा है जय हिंद पराठा भवन। उनकी दुकान में कभी पंडित जवाहर लाल नेहरु, इंदिरा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री जैसे
लोग पराठे खाने आ चुके हैं। उनकी ब्लैक एंड ह्वाइट तस्वीरें इन पराठे की दुकानों में लगी हैं।
बदलते वक्त के साथ पराठों का स्वाद नहीं बदला है। हालांकि आपको इन
पराठे वाली दुकानों का क्राकरी को देखकर थोड़ी नाराजगी हो सकती है।यहां लगता है स्वच्छता का पूरा ख्याल नहीं रखा जाता। पर इन सबके बीच अब ये
पराठे की दुकानों वाली नई पीढ़ी अपना विस्तार करते हुए दिल्ली के मॉल्स के इटिंग ज्वाएंट्स तक
पहुंच गई है लेकिन गलियों का स्वाद अब भी कायम है।
इसके बगल में बाबू राम पराठे वाले की भी दुकान है। वे भी काफी प्राचीन होने का दावा करते हैं। बाबू राम पराठे वाले ने अब अपनी ब्रांच चांदनी चौक के बाहर जाकर मॉल्स में भी खोल ली है। साल 2021 में पराठे की एक प्लेट की कीमत 140 रुपये हो गई है। एक प्लेट में दो पराठे मिलते हैं।
- विद्युत प्रकाश मौर्य -vidyutp@gmail.com
( CHANDNI CHAWK, PARATHA WALI GALI, FOOD )
( CHANDNI CHAWK, PARATHA WALI GALI, FOOD )
No comments:
Post a Comment